हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। में ट्रांसपोर्ट कंपनी के वाहन से टायर चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कंपनी के बलकर वाहन से मूल टायर निकालकर उसकी जगह पुराने टायर लगा दिए थे और नए टायर बेच दिए थे।

मिली जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को प्रार्थी कपिल यादव, निवासी खम्हरिया एवं एचटीसी ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुपरवाइजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कंपनी का बलकर वाहन क्रमांक CG07 BC 8781, जिसका चालक अजय रात्रे है, 27 जनवरी 2026 को सामान लोड करने खरसिया के लिए रवाना हुआ था। 11 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि वाहन बलौदाबाजार बायपास रोड पर खड़ा है।
जांच करने पर पाया गया कि वाहन में लगे मूल टायर बदले हुए हैं।
जांच में सामने आया कि चालक अजय रात्रे ने वाहन में लगे दो नए टायर निकालकर चोरी कर लिए और उनकी जगह पुराने टायर लगा दिए। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 143/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय रात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दो नए टायर चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पुराने टायर एवं नए टायरों की बिक्री से प्राप्त 2000 रुपये नगद जब्त किए हैं।
आरोपी अजय रात्रे (31 वर्ष), निवासी ग्राम अडभार, थाना मालखरौदा, जिला शक्ति को 19 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











