हेमंत बघेल
मुलमुला (बिलासपुर)। खेत गिरवी रखने के नाम पर 3 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला थाना मुलमुला क्षेत्र का है।

प्रार्थिया भूरी बाई कुर्रे, निवासी मस्तुरी जिला बिलासपुर, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन सुकवारा बाई (निवासी ग्राम कोसा) के माध्यम से जानकारी मिली थी कि गांव का राजालाल बर्मन घरेलू खर्च के लिए अपनी निजी भूमि गिरवी रखना चाहता है और उसे तीन लाख रुपये की आवश्यकता है।
प्रार्थिया ने 26 फरवरी 2024 को पामगढ़ तहसील में 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी के माध्यम से इकरारनामा तैयार कर राजालाल बर्मन की 1.829 हेक्टेयर भूमि गिरवी रखकर तीन लाख रुपये नगद दे दिए। अनुबंध के अनुसार रकम वापसी तक प्रार्थिया उक्त भूमि पर कृषि कार्य करती रही।
कुछ समय बाद जब दोबारा खेती का मौसम आया तो आरोपी ने न तो रकम लौटाई और न ही खेत में बोआई करने दी। जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने बिना सूचना दिए वही भूमि किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर बेच दी है। पैसे की मांग करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और धमकी भी देने लगा।
रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने 26 फरवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 2000 रुपये नगद जब्त किए गए।
आरोपी के विरुद्ध धारा 318(2) बीएनएस के तहत पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सउनि हेमलाल महिलांगे एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।











