हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में करीब 3600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह धरना छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, महिला एवं बाल विकास विभाग भारत सरकार की मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम कलेक्टर दीपक सोनी को ज्ञापन सौंपा।

संघ की पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करना शामिल है। जब तक शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं किया जाता, तब तक मध्यप्रदेश की तर्ज पर 15 हजार रुपये मानदेय अथवा वर्तमान 10 हजार रुपये मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि (एक हजार रुपये) करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पेंशन और ग्रेच्युटी लागू करने की भी मांग उठाई गई है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो मार्च माह में विधानसभा घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी शासन-प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द मांगों पर निर्णय लेने की मांग की।




