हेमंत बघेल
जांजगीर चांपा।नवागढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने से रोकने की बात को लेकर बेटे द्वारा अपनी ही मां पर टांगी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की सुबह आरोपी दयाशंकर कश्यप का अपनी मां के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि उसकी मां उसे बार-बार शराब पीने से मना करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर दयाशंकर कश्यप ने टांगी से अपनी मां के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा। घटना की सूचना मिलने पर थाना नवागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 91/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दयाशंकर कश्यप को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे, सहायक उप निरीक्षक संतोष केरकेट्टा एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।











