हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत देवपुर नेचर कैंप में 18 व 19 मार्च 2026 को वाइल्ड लाइफ एवं नेचर फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य वन विभाग के कर्मचारियों एवं युवाओं को प्रकृति, वन्यजीव और आउटडोर फोटोग्राफी के मूल सिद्धांतों से अवगत कराना है।

कार्यशाला में अनुभवी फोटोग्राफर एवं प्रशिक्षक ऋषि माणिक दास, डॉ. राहुल शाक्य तथा सुबनारुण बराल प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को फील्ड में सीधे अभ्यास के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।
इस प्रशिक्षण में वनमण्डल के विभिन्न परिक्षेत्रों से वनकर्मी शामिल होंगे, जिन्हें प्रशिक्षण के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में मास्टर ट्रेनर के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही युवान वॉलेंटियर्स की भागीदारी से युवाओं में प्रकृति, वन्यजीव एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को फोटोग्राफी की मूल अवधारणाएं, कैमरा एवं लेंस का उपयोग, मोबाइल फोटोग्राफी तकनीक, DSLR और मिररलेस कैमरों की जानकारी, एक्सपोज़र ट्रायंगल, फोकस एवं कैमरा हैंडलिंग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा रूल ऑफ थर्ड्स, फ्रेमिंग, प्राकृतिक प्रकाश का उपयोग और रचनात्मक कम्पोज़िशन पर भी व्यावहारिक सत्र आयोजित होंगे।
दूसरे दिन प्रतिभागियों को फोटो चयन, बेसिक एडिटिंग, कलर करेक्शन, क्रॉपिंग तथा मोबाइल ऐप्स के माध्यम से इमेज एडिटिंग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा लिए गए फोटो की समीक्षा कर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।











