हेमंत बघेल
अकलतरा। थाना अकलतरा पुलिस ने एंड टू एंड विवेचना के तहत गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी भास्कर राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से कम उम्र के बच्चों के माध्यम से गांजा मंगवाकर क्षेत्र में खपाता था।

मामले का विवरण इस प्रकार है कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन अकलतरा के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर थाना अकलतरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपियों के पास से 5.161 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 58 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से लाते हैं।
एंड टू एंड विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए ओडिशा के हिमगिर निवासी आरोपी शाहिद खान उर्फ गुलाब खान को पहले ही गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में भास्कर राठौर निवासी सारागांव का नाम सामने आया, जो गांजा मंगवाने का मुख्य सरगना था।
इसके बाद पुलिस ने भास्कर राठौर के ठिकाने पर दबिश देकर 120 ग्राम गांजा पुड़िया और 1050 रुपए नगद जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना अकलतरा के निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, गौकरण राय एवं भूषण राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




