हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ वाहन चालक पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीड़िता ने कसडोल थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत वाहन चालक सुरेंद्र टंडन ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। महिला के अनुसार, आरोपी ने 29 और 30 दिसंबर 2024 को उसे आवेदन तैयार करने के बहाने सरकारी अस्पताल कसडोल के पास स्थित अपने सरकारी आवास में बुलाया। इस दौरान उसने महिला के पति को फोटोकॉपी कराने के बहाने बाहर भेज दिया और मौके का फायदा उठाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसकी नौकरी नहीं लगेगी और उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही, आरोपी द्वारा नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने की बात भी सामने आई है। सामाजिक डर और लोकलाज के कारण पीड़िता अब तक चुप रही, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है।
वहीं, आरोपी सुरेंद्र टंडन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है और उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है। आरोपी ने यह भी दावा किया है कि उनके पास एक ऑडियो क्लिप है, जिसमें शिकायतकर्ता ने स्वयं स्वीकार किया है कि उनसे कोई पैसे नहीं लिए गए।
इधर, जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगी, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर नौकरी के नाम पर हो रहे शोषण के मामलों पर सवाल खड़े कर दिए












