हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। वन विभाग द्वारा संचालित युवान वॉलंटियर्स प्रोग्राम के तहत कर्दा जलाशय में चल रहे पक्षी सर्वेक्षण के दौरान वॉलंटियर्स ने सराहनीय कार्य करते हुए शिकारियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। जाल में फंसी एक टिटहरी को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई गई।

जानकारी के अनुसार, वॉलंटियर्स दूरबीन की मदद से आर्द्रभूमि क्षेत्र में पक्षियों का अवलोकन कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक टिटहरी पर पड़ी, जो शिकारियों द्वारा लगाए गए जाल में फंसी हुई थी। स्थिति को गंभीरता से समझते हुए टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पक्षी को सुरक्षित निकाला और जाल को भी हटा दिया, जिससे भविष्य में अन्य पक्षियों को नुकसान न पहुंचे।

मौके पर मौजूद ग्रामीण मंतराम ध्रुव ने बताया कि कर्दा ग्राम पंचायत के इस क्षेत्र का उपयोग मछली पालन के लिए किया जाता है, लेकिन उक्त जाल उनके द्वारा नहीं लगाया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग पक्षियों का शिकार करने के उद्देश्य से इस तरह के जाल बिछाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं, जिनमें ‘लालसर’ जैसे आकर्षक पक्षी भी शामिल हैं।
वॉलंटियर्स ने इस दौरान स्थानीय लोगों को पक्षी संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि प्रवासी पक्षियों का आगमन पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ ही इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा देता है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं।
इस अभियान में नरेंद्र वर्मा, टीकेश्वर निषाद, जीवन लाल यादव और कृष्णा पैकरा सक्रिय रूप से शामिल रहे।












