हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए विशेष धरपकड़ अभियान चलाया, जिसमें 28 दिनों के भीतर कुल 278 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह अभियान 11 मार्च 2026 से 08 अप्रैल 2026 तक पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

300 पुलिसकर्मियों की टीम ने की घेराबंदी
अभियान में 6 राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित लगभग 300 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने हिस्सा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, हेमसागर सिदार, एसडीओपी तारेश साहू, एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय, डीएसपी कौशल किशोर वासनिक एवं प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

वारंटी और फरार आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने 133 स्थाई वारंट और 107 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। साथ ही विभिन्न मामलों में फरार 38 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 278 आरोपियों को पकड़कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

पुराने वारंटी भी आए गिरफ्त में
पुलिस ने इस अभियान में 10 साल पुराने स्थाई वारंटी को भी गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में संपत्ति संबंधी अपराध, शारीरिक अपराध, पशु तस्करी और चोरी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।

देश के अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तारी
साइबर सेल की मदद से पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए आरोपियों के ठिकाने खोजे। इसके बाद राजस्थान, नोएडा, कानपुर और जामताड़ा जैसे विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कसडोल क्षेत्र में भी कार्रवाई
अभियान के तहत कसडोल थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अचानक दबिश से नहीं मिला भागने का मौका
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों की पहचान कर चौतरफा घेराबंदी करते हुए अचानक दबिश दी, जिससे आरोपियों को भागने या बचने का मौका नहीं मिला।
इस बड़े अभियान के बाद जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।












