हेमंत बघेल
कसडोल। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसी क्रम में कसडोल स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिंदी माध्यम तथा गुरु घासीदास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी विद्यार्थियों से प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं

विद्यालय के प्राचार्य श्री वी.आर. मंडलेश्वर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 5 मई 2026 तक चलेगी। इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि आवेदन की संख्या सीटों से अधिक होती है, तो 6 मई से 10 मई 2026 के बीच लॉटरी प्रणाली के माध्यम से सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 11 मई से 15 मई 2026 तक प्रवेश की अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि एक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय में आवेदन कर सकता है। वहीं “महतारी दुलार योजना” के अंतर्गत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसके लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा बीपीएल एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के विद्यार्थियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं। शेष सीटों पर प्रवेश लॉटरी प्रणाली के आधार पर दिया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठा सकें।












