हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। सोशल मीडिया के जरिए बढ़ते साइबर अपराधों के बीच सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टेलीग्राम एप पर बिटकॉइन निवेश का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भानु प्रसाद भारद्वाज (निवासी पंचशील नगर, बलौदाबाजार) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2022 को टेलीग्राम के माध्यम से आरोपी ने बिटकॉइन खरीदकर कंपनी में निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा देने का लालच दिया। आरोपी ने फर्जी टेलीग्राम आईडी और ईमेल लिंक के जरिए जाल बिछाया।
झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग चरणों में नेट बैंकिंग के माध्यम से कुल ₹12,43,250 रुपए निवेश कर दिए, लेकिन बाद में जब रकम वापस मांगने की कोशिश की गई तो कोई पैसा नहीं लौटाया गया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 843/2022 के तहत धारा 420, 406, 34 भादवि एवं 66D आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, टेलीग्राम अकाउंट और फर्जी ईमेल लिंक की जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
राजस्थान से गिरफ्तार हुआ आरोपी
जांच के दौरान आरोपी सुभाष चंद्र धायल (उम्र 31 वर्ष) निवासी चारनवास नाडा, थाना खाटू श्याम, जिला सीकर (राजस्थान) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बिटकॉइन निवेश के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सावधान रहें:
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, खासकर टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश के झांसे में न आएं और किसी भी अज्ञात लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें।












