हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा | पामगढ़ थाना क्षेत्र में खुद को चमत्कारी बताकर लोगों को झांसा देने वाले एक ढोंगी बाबा को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला को “इलाज” के नाम पर अपने जाल में फंसाकर उसके साथ अनाचार करने और बाद में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (उम्र 60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र) के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऐसे रचा गया पूरा खेल
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र में “पदयात्रा” करते हुए आया और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने लगा।

पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां आरोपी ने हाथ देखकर “इलाज” का भरोसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया। 26 मार्च को उसे बाजार में बुलाकर “प्रसाद” दिया और अपने साथ चलने के लिए बहलाया।
‘इलाज’ के नाम पर अनाचार
आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्यप्रदेश के मैहर पहुंची। वहां होटल में ठहराकर आरोपी ने इलाज के बहाने उसके साथ बार-बार जबरदस्ती अनाचार किया। 1 अप्रैल को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।
सोशल मीडिया से ब्लैकमेल
घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा। नंबर ब्लॉक करने पर उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया और ब्लैकमेल करने लगा।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। SDOP अकलतरा श्री प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी (थाना प्रभारी पामगढ़), प्रआर रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले और नवनी रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे ढोंगी और चमत्कार के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




