हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) आज सुशासन तिहार के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड भाटापारा स्थित ग्राम करहीबाजार पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री का हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री Tank Ram Verma, पूर्व विधायक Shivratan Sharma, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा एवं डीएफओ गणवीर धम्मशील सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम करहीबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए सांस्कृतिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए।
मुख्यमंत्री ने हायर सेकेंडरी स्कूल करहीबाजार एवं कोदवा में भवन निर्माण की घोषणा भी की। इसके अलावा भाटापारा में एसडीएम एवं तहसील के संयुक्त कार्यालय भवन को स्वीकृति प्रदान की गई। मिडिल स्कूल गुड़ेलिया को हाई स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा भी की गई।
ग्राम विटकुली में मांगलिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की गई। वहीं ग्राम पंचायत कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन एवं रामपुर में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।










































