हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दो प्रगणकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड सिमगा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तुलसी के सहायक शिक्षक अशोक वर्मा तथा विकासखंड कसडोल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला आमगांव के सहायक शिक्षक राधेश्याम दीवान की ड्यूटी भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के लिए प्रगणक के रूप में लगाई गई थी।
जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला कार्यालय की ओर से दोनों कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी किया गया था, लेकिन संबंधित कर्मचारियों द्वारा जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे गंभीर कदाचार, शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता एवं राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही मानते हुए सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 तथा जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 5 एवं 11 के तहत कार्रवाई की गई।
जारी आदेश के अनुसार सहायक शिक्षक अशोक वर्मा का निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदाबाजार निर्धारित किया गया है, जबकि सहायक शिक्षक राधेश्याम दीवान का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भाटापारा रहेगा। दोनों कर्मचारियों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।




