शेयर मार्केट और जुए की लत ने बनाया आरोपी, 20 लाख के कर्ज में डूबा था कर्मचारी
हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस ने पोस्ट ऑफिस में हुए लाखों रुपए के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी कर 19 लाख 21 हजार रुपए के गबन का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा पोस्ट ऑफिस में गबन की शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि सहायक डाकपाल ने फर्जी तरीके से खाताधारकों के खातों से रकम निकालकर कुल 19.21 लाख रुपए का गबन किया। मामले में चार अलग-अलग खाताधारकों के पैसों की हेराफेरी की गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष) निवासी बलौदा, थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा पर पहले से करीब 20 लाख रुपए का कर्ज था। वह वर्ष 2021 से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था और लगातार नुकसान होने के कारण अलग-अलग बैंकों एवं पोस्ट ऑफिस विभाग से लोन लिया था। आरोपी ने करीब 12 लाख रुपए बैंक से तथा 12 लाख रुपए पोस्ट ऑफिस विभाग से ऋण लिया था।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल, शेयर मार्केट एप्लीकेशन ग्रो एप और एंजल वन डिमेट अकाउंट का स्टेटमेंट जब्त किया गया, जिसमें लगभग 40 लाख रुपए शेयर मार्केट में गंवाने की जानकारी सामने आई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि कर्ज बढ़ने के बाद उसने पोस्ट ऑफिस ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर रकम निकालनी शुरू की। वह इस रकम का उपयोग लोन की किस्त भरने, शेयर मार्केट में निवेश करने और जुआ खेलने में करता था।
दस्तावेजों की जांच और सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




