हेमंत बघेल
पलारी। थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलौनी में पैतृक जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई द्वारा अपने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सलौनी निवासी प्यारेलाल मांडले ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा भाई परमानंद मांडले पैतृक भूमि को बेचने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान प्यारेलाल ने अपने भाई को समझाते हुए कहा कि जमीन में बहनों का भी अधिकार बनता है, इसलिए उनकी सहमति और हस्ताक्षर भी जरूरी हैं। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया।
बताया गया कि 24 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी परमानंद मांडले ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना पलारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परमानंद मांडले (46 वर्ष) निवासी ग्राम सलौनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद को लेकर आवेश में आकर हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।




