गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा । क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम अल्दा में प्रस्तावित स्पंज आयरन कारखाने के विरोध में किसानों एवं ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। किसानों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित किसान महापंचायत में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों के संघर्ष को समर्थन देते हुए कहा कि उनकी मांगों की अनदेखी करने वाली सरकार के खिलाफ कांग्रेस पूरी ताकत से आवाज उठाएगी।

महापंचायत में शामिल होने के लिए पहुंचे भूपेश बघेल का तिल्दा-नेवरा सहित विभिन्न गांवों में जोरदार स्वागत किया गया। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं आम जनता ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया।
नेवरा मंडल अध्यक्ष विजय हरिरामानी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे जनता में सरकार के प्रति नाराजगी है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सोनी ने कहा कि प्रदेश की ट्रिपल इंजन सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस के प्रति भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
सिंधी समाज की ओर से वरिष्ठ सदस्य हीरानंद हरिरामानी, शमनलाल खूबचंदानी, भीमसेन भोजवानी एवं अन्य समाजजनों ने भूपेश बघेल का स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में सिंधी समाज को सार्वजनिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई थी, जिसके लिए समाज आज भी उनका आभारी है।
महापंचायत के बाद वापसी के दौरान सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रामचंद गिन्डलानी के निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं उनके साथ आए अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में पूर्व तिल्दा सोसायटी अध्यक्ष गजानंद वर्मा, पूर्व सोसायटी अध्यक्ष कमलेश वर्मा (बल्लू), मंडल अध्यक्ष गोवर्धन यदु, विजय हरिरामानी, नीरज राठी, के. कृष्णमूर्ति, मनोहर गेहानी, नानकराम छाबड़िया, किरण बाला नायक, आशा यादव, मनोहर भोजवानी, द्वारिका शर्मा, अनूप रवानी, लक्ष्मीनारायण वर्मा, कैलाश गांधी, हेमलाल साहू, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।




