हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले की सारागांव पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे गए चार मवेशियों को बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम बीती रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाराद्वार की ओर से सफेद रंग की पिकअप (CG12 E-0907) में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने राइस मिल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप में चार बैलों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
नर्मदा पटेल (65 वर्ष), निवासी सुलौनी, जिला सक्ती
गंगाराम पटेल (42 वर्ष), निवासी सुलौनी, जिला सक्ती
अभिषेक अग्रवाल (24 वर्ष), निवासी बाराद्वार, जिला सक्ती
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, पीएसआई व्योमेश, एएसआई राजेश सिंह तथा आरक्षक अविलाश का सराहनीय योगदान रहा।




