हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने तथा शासकीय कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय में 30 जून 2026 को शासकीय कार्य के दौरान चार लोग जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर पटवारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
प्रार्थी सत्येंद्र कुमार कंवर की रिपोर्ट पर थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया। मामले में सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) एवं मनोज देवांगन (39 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव एवं प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।




