हेमंत बघेल
महासमुंद। राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर, खेलकूद प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति एवं जागरूकता रैली के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलशी कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रत्येक युवा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस का विकास होता है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण, स्वच्छता को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान तथा नशामुक्ति एवं जनजागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि तुलशी कौशिक का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
यह राज्य स्तरीय आयोजन जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में कूडो एसोसिएशन महासमुंद द्वारा आयोजित किया जा रहा है। शिविर में प्रदेश के 19 जिलों से खिलाड़ी, कोच एवं टीम प्रबंधक भाग ले रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार घृतलहरे ने बताया कि महासमुंद जिले में यह आयोजन पांचवीं बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा कूडो एसोसिएशन महासमुंद के सभी पदाधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।




