हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के गिरौदपुरी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 (थाना गिधौरी एवं चौकी गिरौदपुरी) की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू कर दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बरपाली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से शाम 5:30 बजे सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक कमलेश्वर बर्मन और चालक मोहन धीवर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले।

घायलों की पहचान प्रकाश लहरे (26 वर्ष) और खुशी टंडन (24 वर्ष), दोनों निवासी पामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित डायल-112 वाहन में शिफ्ट किया और बिना देरी किए पीएचसी बरपाली पहुंचाया।
‘गोल्डन आवर’ में मिला उपचार
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों को तत्काल स्थिति से अवगत कराया गया, जिसके बाद दोनों का इलाज शुरू किया गया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
डायल-112 की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम की संवेदनशीलता और तत्परता की प्रशंसा की।




