हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार हुए आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीयूष जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के कई लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की और फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में वर्ष 2024 तथा थाना चांपा में वर्ष 2025 के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उसे पहले गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया था, लेकिन इसके बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है।
आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर और कोरबा की अदालतों से भी विभिन्न मामलों में उसके खिलाफ वारंट जारी किए जा चुके हैं।
आरोपी के लगातार फरार रहने के कारण गृह मंत्रालय के माध्यम से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, जिससे देश के एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उसकी आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर (94791-93199) या थाना चांपा प्रभारी (79874-60292) पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




