हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पटवारी एवं क्लर्क भर्ती परीक्षा में अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण रोस्टर का समुचित लाभ नहीं मिलने के विरोध में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, बलौदाबाजार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से समाज ने मांग की कि शासकीय भर्ती प्रक्रियाओं में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण रोस्टर का नियमानुसार पालन किया जाए। समाज का कहना है कि आरक्षण रोस्टर का सही ढंग से पालन होने से इन वर्गों के अभ्यर्थियों को संविधान प्रदत्त आरक्षण का उचित लाभ मिल सकेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी भर्तियों में आरक्षण रोस्टर का पालन सामाजिक न्याय एवं समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने शासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश महासचिव मोहन बंजारे, अध्यक्ष दीपक घृतलहरे, सुशील बंजारे, लेखराम गनहरे, सहदेव जोशी, चंद्रशेखर साण्डेय, नकुल बांधे, मोहन पुरैना, मैनेजर डहरिया, महेंद्र डहरिया, बशांत जांगड़े, मनराखन मनहर, विष्णु भारती सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।










































