हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलारी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले स्कूटी से शराब की डिलीवरी कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके बयान व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगना पिंटू कोसले तक पहुंचकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 69 पौवा (12.420 बल्क लीटर) देशी मसाला शराब, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो डेस्टिनी स्कूटी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹39,900 बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर दतान मार्ग में घेराबंदी कर स्कूटी सवार दसरू राम सायतोड़ा को पकड़ा गया। पूछताछ और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि वह केवल डिलीवरी का काम करता था, जबकि अवैध शराब की सप्लाई का संचालन भोग उर्फ पिंटू कोसले कर रहा था। इसके बाद 27 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की एंड-टू-एंड जांच का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।




