हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को घटना के पांच दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को आरोपी मिथुन उर्फ उमेश मनहर (25 वर्ष) नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पामगढ़ थाना में अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी और बालिका की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने तथा शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को POCSO एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक चंद्रशेखर कैवर्त्य, महिला आरक्षक जयंती एवं थाना पामगढ़ पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।










































