हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम बाहरी राज्यों एवं जिलों से आकर निवासरत मजदूरों और किराएदारों के सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश और एसडीओपी उषा सोन्धिया के मार्गदर्शन में तीन विशेष टीमों ने औद्योगिक क्षेत्रों, लेबर कॉलोनियों और शहर के संवेदनशील इलाकों में एक साथ जांच की।

अभियान के दौरान 350 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जबकि सुरक्षा और पुलिस रिकॉर्ड के मिलान के लिए 68 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए। पुलिस ने बाहरी राज्यों एवं जिलों से आए लोगों के वोटर आईडी, आधार कार्ड सहित अन्य पहचान दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।

पुलिस टीमों ने अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र की मानव कॉलोनी रवान, बलौदाबाजार शहर के भैंसापसरा और रामसागरपारा सहित न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र रिसदा की लेबर कॉलोनी में सघन जांच की।

अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र की मानव कॉलोनी रवान में पुलिस ने 300 से अधिक लोगों का सत्यापन और पूछताछ की। इस दौरान 50 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए। वहीं, दूसरी टीम ने बलौदाबाजार शहर के संवेदनशील इलाकों में किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की तथा मकान मालिकों को किराएदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इसी तरह तीसरी टीम ने न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र रिसदा की लेबर कॉलोनी में करीब 50 लोगों से पूछताछ कर दस्तावेजों की जांच की और 18 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट रिकॉर्ड में दर्ज किए।










































