हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर त्वरित नियंत्रण के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की रिस्पॉन्स टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में 23 जुलाई 2025 को गठित इस टीम को 24 घंटे सक्रिय रखते हुए अपराध, आपात स्थिति और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।

CSP योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में रिस्पॉन्स टीम द्वारा जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। टीम की सक्रियता के चलते अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा सहित विभिन्न असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है।
08 किलो गांजा के साथ आरोपियों को पकड़ने में रही अहम भूमिका
रिस्पॉन्स टीम ने पूर्व में 08 किलो गांजा के साथ परिवहन करते हुए 02 आरोपियों को पकड़ने में भी महत्वपूर्ण सहयोग किया था। इसके अलावा अलग-अलग दिनों में थाना पुलिस की टीम के साथ मिलकर 154 फरार वारंटियों को पकड़ने में भी टीम का विशेष योगदान रहा है।
अपराध की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचती है टीम
रिस्पॉन्स टीम को किसी भी आपातकालीन स्थिति या अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के लिए तैनात किया गया है। 24×7 ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हैं।
बैंक, एटीएम और सराफा दुकानों पर विशेष निगरानी
टीम द्वारा बैंक, एटीएम और सराफा दुकानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा हाट-बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
भीड़ नियंत्रण से आपदा प्रबंधन तक जिम्मेदारी
रिस्पॉन्स टीम को भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, असामाजिक गतिविधियों की सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया और आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई के लिए सक्रिय रखा गया है। पुलिस का मानना है कि टीम की लगातार सक्रियता से अपराधियों में पुलिस का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध, संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें। पुलिस के अनुसार प्राप्त सूचना पर रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










































