हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। पोस्ट ऑफिस में आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने का झांसा देकर खाताधारकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने मामले में पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके पोस्ट ऑफिस खातों में जमा नहीं की। पूछताछ में आरोपी द्वारा रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात सामने आई है।

₹1.21 लाख लिए, खाते में जमा किए सिर्फ ₹21 हजार
मामले का खुलासा प्रार्थी हेमंत कुमार देवांगन निवासी चांपा की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते थे।
आरोपी ने पोस्ट ऑफिस में रकम जमा करने पर अधिक लाभ मिलने का भरोसा दिलाकर प्रार्थी का आरडी खाता खुलवाया। इसके बाद 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच आरोपी ने प्रार्थी से कुल ₹1,21,200 जमा करने के नाम पर लिए और इसकी एंट्री डायरी में की।
जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस से अपने खाते की जानकारी ली तो खाते में केवल ₹21,000 ही जमा होना पाया गया। इस तरह ₹1,00,200 की राशि खाते में जमा नहीं की गई, जिसके बाद धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया।
पूछताछ में सामने आया 150 खाताधारकों का मामला
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3), 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी की रकम पोस्ट ऑफिस खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई।
शेयर ट्रेडिंग में लगाने का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर खाताधारकों से ली गई रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब पूरे मामले में अन्य खाताधारकों से जुड़ी राशि और लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































