हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के तुस्मा गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक ने एक व्यक्ति पर हत्या की नीयत से चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। घटना में घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 11 बजे तुस्मा निवासी हरप्रसाद साहू को जानकारी मिली कि हरीचरण साहू पर उसके भतीजे चिंतामणी साहू ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलने पर हरप्रसाद साहू मौके पर पहुंचे, जहां हरीचरण साहू खाट पर गंभीर अवस्था में पड़ा था और उसके पेट एवं छाती के पास से खून निकल रहा था।
घायल हरीचरण साहू को तत्काल निजी स्कॉर्पियो वाहन से मां शबरी अस्पताल, शिवरीनारायण ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैडन यार्क एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपी चिंतामणी साहू (19 वर्ष), निवासी तुस्मा वार्ड क्रमांक 13 को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू एवं घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुराने वाद-विवाद को लेकर रंजिश के चलते हरीचरण साहू पर हत्या की नीयत से चाकू से हमला किया था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक केपी सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रितेश परमार, कविता टंडन, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, कपिल साहू, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन, किशोर दीवान, आरक्षक विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










































