हेमंत बघेल
कसडोल। ग्राम नादनियाँ में दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, C-4 से सूचना प्राप्त होने के बाद डायल 112 की टीम ने तत्काल कॉलर से संपर्क किया। कॉलर ने बताया कि ग्राम नादनियाँ, थाना कसडोल क्षेत्र में दो बाइक सवारों के बीच जोरदार दुर्घटना हुई है और दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं।

सूचना पर 112 में तैनात आरक्षक क्रमांक 941 राजकुमार प्रजापति एवं चालक नरेन्द्र साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर टीम ने देखा कि दुर्घटना में दो युवक घायल हुए हैं।
घायलों की पहचान मनोज पैकरा (25 वर्ष), पिता रामलाल पैकरा, निवासी भरका थाना कसडोल तथा विशाल पैकरा (25 वर्ष), पिता लालजी, निवासी बोरसी थाना कसडोल के रूप में हुई है।
बताया गया कि मनोज पैकरा के दाहिने जांघ में गंभीर चोट आई है तथा पैर की दो उंगलियां भी टूट गई हैं। वहीं विशाल पैकरा का एक पैर फ्रैक्चर होना बताया गया है।
डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को वाहन में बैठाकर CHC कसडोल पहुंचाया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया।










































