हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर बीते एक सप्ताह में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 21 खाद्य नमूने लिए हैं। इनमें 7 विधिक और 14 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। जांच के दौरान जनस्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से नुकसानदायक 107 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा दल ने बलौदाबाजार के गांधी चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स और रूपड़ा मिष्ठान भंडार सहित सिमगा के जय मां दुर्गा स्वीट्स, तिगड्डा चौक स्थित बालाजी जोधपुरी स्वीट्स और अमित स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसन लड्डू, पेड़ा, मिल्क केक, मलाई पेड़ा, खोया, गुलाब जामुन, शंकरपारा, मेवा, मेथी मटरी और बेमन पापड़ी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग के अनुसार प्रयोगशाला जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा अमानकता पाई जाती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रूपड़ा मिष्ठान भंडार में खाद्य निर्माण एवं बिक्री के दौरान हेड कवर और ग्लव्स का उपयोग नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत नोटिस भी जारी किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय गुणवत्ता और स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। विभाग द्वारा बिना खाद्य पंजीयन या लाइसेंस संचालित होने वाले अस्थायी स्टॉलों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
इसके अलावा शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों की ओर होने वाली संदिग्ध मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की सप्लाई चेन पर भी विभाग की नजर है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










































