हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले की गिधौरी पुलिस ने महिला को जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना गिधौरी में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी संतोष कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी हसुवा ने उसके घर में घुसकर बदनाम करने और बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी लगातार उसे डरा-धमकाकर शोषण करता रहा।

पीड़िता की शिकायत पर थाना गिधौरी-टूण्डरा में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










































