हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छांछी में मंगलवार रात सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पैदल जा रहे युवक को अज्ञात तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही डायल 112 कसडोल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार घटना 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:41 बजे ग्राम छांछी हाई स्कूल के सामने हुई। हादसे में सूरज जांगड़े, पिता स्व. धनीराम जांगड़े, उम्र 33 वर्ष, निवासी बड़े जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरज जांगड़े छांछी से सेल की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके बाएं घुटने में गंभीर चोट आई, जबकि पीठ और छाती में भी चोटें बताई गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 कसडोल की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने घायल की स्थिति को देखते हुए तत्काल उन्हें वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों को घटना की जानकारी देकर घायल का उपचार शुरू कराया गया।
घटना की जानकारी थाना कसडोल पुलिस को भी दी गई। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से घायल के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी गई।

सड़क हादसे के बाद डायल 112 की टीम द्वारा बिना देरी किए घायल को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई से उसे समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। मामले में अज्ञात ट्रेलर और हादसे के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










































