हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना पुलिस ने मवेशियों को अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 07 भैंसी और 12 भैंस समेत कुल 19 मवेशी जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना पामगढ़ को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55 वर्ष) अपने साथियों के साथ मवेशियों को कथित तौर पर मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए बिक्री के लिए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने डोंगाकोहरौद क्षेत्र में आरोपी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी थाना प्रभारी पामगढ़, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।










































