गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम घटमड़वा की घटना, हत्या की आशंका से इलाके में फैली सनसनी; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घटमड़वा स्थित बांधा तालाब में एक 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव खून से लथपथ हालत में तालाब के पानी में मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गिधौरी निवासी आदित्य टंडन पिता संतोष टंडन, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक युवक का शव ग्राम घटमड़वा के बांधा तालाब में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव की हालत को देखते हुए प्रथम दृष्टया युवक के सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने और उसके बाद शव को तालाब के पानी में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक के साथ घटना से पहले क्या हुआ और वह ग्राम घटमड़वा के बांधा तालाब तक कैसे पहुंचा, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल लाया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण, चोटों की प्रकृति और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। महज 19 वर्ष की उम्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्रवासियों में भी घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर युवक की मौत के पीछे क्या वजह है और इस घटना की सच्चाई कब सामने आती है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?
इस संबंध में गिधौरी थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है। मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी स्पष्ट हो पाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।










































