मोबाइल हैक कर SBI खाते से उड़ाई थी रकम, NCRP पोर्टल से मिले सुराग के आधार पर साइबर पुलिस ने की कार्रवाई
हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, जिसे उसने बैंक से निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग कर लिया था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाता जब्त कर खाते को सीज कराया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। प्रार्थी ने जैसे ही उक्त फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत पर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

NCRP पोर्टल से मिला सुराग, केरल पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में 98 हजार की ठगी का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर खर्च करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपी के खाते में अन्य 21 हजार रुपये की संदिग्ध रकम भी प्राप्त होना पाया गया, जिसके संबंध में गुजरात से NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाता जब्त कर खाते को सीज कराया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर शादी के कार्ड, मोटर चालान या सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर भेजी जाने वाली अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें। किसी परिचित व्यक्ति के मोबाइल से ऐसी फाइल आने पर भी सावधानी बरतें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।










































