घटमड़वा नाला बांधा में मिला था युवक का शव, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बहन पर गलत नीयत रखने के संदेह और खुद को लेकर किए गए कथित अपमान से नाराज 19 वर्षीय युवक ने अपने ही हमउम्र युवक की लोहे के फावड़े से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घटमड़वा नाला बांधा के पानी में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और महज कुछ घंटों में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी किशन साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित घटमड़वा नाला बांधा में एक युवक का शव पानी में पड़ा हुआ है। सूचना पर गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19 वर्ष), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई। शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना गिधौरी, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि 13 नवंबर को दोपहर में मृतक आदित्य टंडन को आरोपी किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर किशन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने आदित्य टंडन की लोहे के फावड़े से सिर, माथे और आंख के पास वार कर हत्या करना तथा शव को पानी में फेंकना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया गया।
बहन पर गलत नीयत के शक और अपमान से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को संदेह था कि मृतक उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इसके अलावा मृतक द्वारा उसकी शारीरिक बनावट को लेकर कथित तौर पर काला और कुरूप कहकर अपमानित किए जाने से भी वह नाराज था। इसी बात को लेकर उपजे तनाव और आवेश में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी किशन साहू (19 वर्ष), पिता ईतवारी साहू, निवासी ग्राम गिधौरी को 15 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 239/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।










































