हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी-टुंडरा थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और बैगागिरी की आड़ में महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के तहत गिधौरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे पीड़िता के परिवार में अस्वस्थता होने पर घरेलू उपचार और पारंपरिक झाड़-फूंक के लिए गांव के बैगा ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू को बुलाया गया था। आरोप है कि झाड़-फूंक करने के बाद उसने पीड़िता के पति को किसी बहाने बाहर भेज दिया और महिला को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकत करने लगा।
महिला के शोर मचाने और पति को आवाज देने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने थाना गिधौरी-टुंडरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 148/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत मामला कायम किया। पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू (60 वर्ष), निवासी टुंडरा, थाना गिधौरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अपराध की पुष्टि होने के बाद आरोपी को 17 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिले में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में तत्काल एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




