हेमंत बघेल
नेवरा/तिल्दा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम नेवरा स्थित बद्री नारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण की गूंज सुनाई दी, जिसमें नगर पालिका की महिला पार्षदों और तिल्दा संकुल की शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हाई स्कूल कुंदरू की प्राचार्या श्रीमती सुषमा दुबे एवं श्रीमती किरण जैन रहीं। समारोह में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा और प्राचार्य डॉ. राजेश चांदनी ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की महिला पार्षदों तथा तिल्दा संकुल की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सुषमा दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज की प्रगति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षित और सशक्त नारी ही एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला रखती है, इसलिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ और बिंदी लगाओ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सरिता सेन और श्रीमती शारदा वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें रानी सौरभ जैन द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन टी.पी. वर्मा ने प्रभावी ढंग से किया। आयोजन को सफल बनाने में के.सी. कश्यप, नरेंद्र रात्रे, बी.एस. नेताम, सौरभ जैन, गणेश शर्मा, डॉ. लक्ष्मण साहू, अमित अग्रवाल तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के स्रोत शिक्षक केंद्र प्रभारी का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्राचार्य डॉ. राजेश चांदनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया।











