हेमंत बघेल
जांजगीर। जांजगीर क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सायबर थाना और जांजगीर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी राशि और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। इस प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है, जबकि दो मुख्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के सख्त निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खपर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी चाम्पा निरीक्षक जेपी गुप्ता तथा सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र में नहर किनारे और सुनसान स्थानों पर स्थित मकानों की रेकी करता था। आरोपी ने अपने पड़ोसी से इलाज कराने का बहाना बनाकर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी (CG-10-CC-1267) ली और साथियों के साथ चोरी की योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे एक सूना मकान देखकर दीवार फांदकर अंदर घुस गए। आरोपियों ने निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड लाकर घर का ताला और अलमारी तोड़ दी तथा सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपी जांजगीर के सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट ली, जबकि जेवरात मुख्य आरोपी ने अपने पास रख लिए।
बाद में चोरी के चांदी के आभूषण बेचने के लिए आरोपियों ने अपने परिचित जीत कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष) निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा बिलासपुर की मदद ली। जीत कुमार ने उन्हें गीता प्रसाद साहू (37 वर्ष) निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर से मिलवाया। गीता प्रसाद साहू ने चोरी के चांदी के आभूषण सूरज सोनी (34 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा खरौद, चांपा शिवरीनारायण को बेचकर लगभग 80 हजार रुपये प्राप्त किए। इसमें से 12-12 हजार रुपये जीत कुमार और गीता प्रसाद साहू ने आपस में रख लिए और बाकी रकम मुख्य आरोपी को दे दी।
पुलिस ने मामले में जीत कुमार सूर्यवंशी, गीता प्रसाद साहू और सूरज सोनी को गिरफ्तार किया है। इनमें जीत कुमार और गीता प्रसाद साहू ने चोरी के जेवर बेचने में बिचौलिये की भूमिका निभाई, जबकि सूरज सोनी को चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में आरोपी बनाया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सायबर थाना प्रभारी सागर पाठक, उपनिरीक्षक कमलदास बैनर्जी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, प्रदीप दुबे, सहबाज खान, रोहित कहरा और प्रतीक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।











