हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलारी में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 22 मार्च 2026 को की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिलारी निवासी रविकुमार साहु (52 वर्ष) अपने निवास में बाहरी लोगों को बुलाकर अन्य धर्म अपनाने के लिए प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा था। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के अंदर 15-20 महिला-पुरुष मौजूद पाए गए और प्रार्थना सभा जारी थी।
पुलिस ने साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के मद्देनजर त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135 (3) के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को तहसील न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक सुधीर साहू, आरक्षक श्रीकांत सिंह एवं आनंद साण्डे (पुलिस सहायता केंद्र राहौद) का विशेष योगदान रहा।












