हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा/पामगढ़। थाना पामगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे विकास नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चलने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था।

दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घायल पंकज कश्यप को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




