गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा | रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलपट्टी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सैकड़ों ग्रामीणों ने राशन व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सुधार की मांग की।

ग्रामीण महिलाओं ने उचित मूल्य दुकान के सेल्समेन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें कई महीनों से शक्कर और नमक नहीं दिया जा रहा है। विरोध करने पर सेल्समेन द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है और “जो करना है कर लो” जैसी बातें कही जाती हैं।
ग्राम पंचायत सिलपट्टी के सरपंच लोकेश कुमार कश्यप और अन्य राशन हितग्राहियों ने बताया कि पिछले महीने भी राशन का वितरण देरी से किया गया, जिससे गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट उत्पन्न हो गया। कई लोगों को यह कहकर राशन नहीं दिया गया कि “सर्वर डाउन है” और हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशन व्यवस्था, जो गरीबों की थाली भरने के लिए बनाई गई है, वही अब सवालों के घेरे में है। कई परिवार ऐसे हैं, जिनकी रसोई महीनों से सरकारी चावल का इंतजार कर रही है।
इसी समस्या को लेकर ग्रामीण एकजुट होकर SDM कार्यालय पहुंचे और अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राशन वितरण में हो रही अनियमितताओं को तत्काल सुधारने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












