हेमंत बघेल
कसडोल। नगर के शराब दुकान स्थित चखना सेंटर में इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। अहाता परिसर के अंदर भारी गंदगी फैली हुई है, जिससे यहां आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि नए टेंडर के बाद से ही स्थिति और बिगड़ गई है। अहाता के भीतर पानी के पाउच, डिस्पोजल ग्लास और शराब की खाली बोतलें इधर-उधर बिखरी पड़ी हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। गंदगी के कारण आसपास बदबू फैल रही है, जिससे शराब प्रेमी भी खासे परेशान हैं।

स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि मड़कडा निवासी ठेकेदार को हाल ही में ठेका मिला है, लेकिन साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, आबकारी नियमों को दरकिनार करते हुए चखना सेंटर में पानी पाउच और डिस्पोजल सामग्री की बिक्री भी खुलेआम की जा रही है, जो नियमों के विपरीत बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, यहां सामानों को ओवर रेट में बेचा जा रहा है और बचा हुआ सामान भी ग्राहकों को परोसा जा रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी
खतरा बनता जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे अव्यवस्थाओं को बढ़ावा मिल रहा है। अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो यहां गंदगी के साथ-साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।











































