हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। राज्य शासन के निर्देशानुसार सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड कसडोल के ग्राम पंचायत मोहतरा (क) में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मोहतरा (क) सहित 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में प्राप्त 500 आवेदनों में से 225 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

शिविर में कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई।

इसके अलावा मछली पालन विभाग द्वारा महाजाल और आइस बॉक्स, उद्यानिकी विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को फलदार पौधे, भारत माता वाहिनी को सीटी एवं छड़ी तथा 5 टीबी मुक्त गांवों के सरपंचों को महात्मा गांधी की प्रतिमा प्रदान की गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बच्चों को स्पोर्ट्स किट भी वितरित की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में कुल 49 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक आवेदनों का निराकरण उसी दिन किया जाए तथा शेष मामलों का भी जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट का भी शिविर में संचालन किया गया, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत प्रत्येक घर में सोखता गड्ढा एवं खेतों में डबरी निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही जनगणना कार्य के लिए मकान सूचीकरण एवं गणना में प्रगणकों को सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कुसुमलता पैकरा, नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहु, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुदीप दास मानिकपुरी, जनपद सभापति मोरध्वज पैकरा, जनपद सदस्य मेला राम साहु, एसडीएम आरआर दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




