हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के थाना पामगढ़ क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। आरोपी ने ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए निवेश करने पर रकम डबल होने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 18 लाख रुपये दे दिए।
बताया गया कि रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी पैसे उधार लिए। आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसा होने का बहाना बनाता रहा, लेकिन न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई।
प्रार्थी की शिकायत पर 20 मई 2026 को थाना पामगढ़ में आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने या फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं और किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।




