हेमंत बघेल
कसडोल। जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट क एवं मड़कडा में उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। मतदान को लेकर दोनों पंचायतों में उत्साह का माहौल है और मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश साहू एवं तहसीलदार विवेक पटेल भी क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोट क में सरपंच पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें लकेश्वर पंकज (गिलास छाप), सुनीता केवट (चश्मा छाप), मेमीन पैकरा (नारियल छाप) तथा संतोष साहू (बोरिंग छाप) शामिल हैं।

वहीं पंच पद के लिए विभिन्न वार्डों में भी मुकाबला रोचक बना हुआ है। वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 में तीन-तीन प्रत्याशी, वार्ड 3 में दो प्रत्याशी, वार्ड 4, 5, 6, 7, 11 एवं 14 में प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। जबकि वार्ड 8, 9, 10, 13, 15 एवं 16 में दो-दो प्रत्याशी तथा वार्ड 12 में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत कोट क में पूर्व में आशु क्रेशर खदान को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया था, जिसके चलते पंचायत में चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। बाद में खदान बंद होने के पश्चात प्रशासन द्वारा उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में आज मतदान कराया जा रहा है।
फिलहाल दोनों पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।




