गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। ग्राम कोटा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने चौराहे पर ट्रैक्टर को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अलग-अलग हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे ट्रैक्टर चालक अपनी पत्नी के साथ खेत जाने के लिए चौराहे पर पहुंचा था। इसी दौरान विद्याश्री राइस मिल की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया और चालक दूर जा गिरा।
हादसे में ट्रैक्टर चालक को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं ट्रैक्टर में सवार युवती भी बुरी तरह घायल हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना में शामिल ट्रक का नंबर CG 04 HF 3305 बताया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक और हेल्पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक चालक और हेल्पर की तलाश में जुटी हुई है। वहीं दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




