हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा चलाए गए 14 दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 93 स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में 25 मई से 7 जून 2026 तक चले इस अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों और न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
93 वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली
अभियान के तहत— 30 स्थाई वारंट, 63 गिरफ्तारी वारंट, कुल 93 वारंट की तामीली कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य जिलों में भी दी गई दबिश
पुलिस टीमों ने केवल जिले में ही नहीं बल्कि रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और बेमेतरा जिलों में भी दबिश देकर फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। कई आरोपी वर्षों से पुलिस और न्यायालय की पकड़ से बाहर थे।
32 साल पुराने वारंटी की गिरफ्तारी
अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि 32 वर्ष पुराने एक स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी रही। पुलिस ने लंबे समय से फरार इस आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
एसपी का संदेश
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि न्यायालयीन प्रक्रियाओं का सम्मान और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
अभियान की सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा अभियान में शामिल पुलिस टीमों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है।




