हेमंत बघेल
कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुराना खर्वे में पिछले चार माह के दौरान हुई 8 रहस्यमयी मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में गांव के ही निवासी रामसहाय जायसवाल (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पुरानी रंजिश, मानसिक कुंठा और प्रतिशोध की भावना के चलते अपने परिचितों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में हुई 8 संदिग्ध मौतों की जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर जांच शुरू की। मृतकों में से 7 शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया, जबकि एक मृतक का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने गांव के ही एक व्यक्ति से चूहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा (जहर) प्राप्त किया था। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सबसे पहले जहर का प्रयोग एक कुत्ते पर किया था। परीक्षण सफल होने के बाद उसने अपने परिचितों को निशाना बनाना शुरू किया। आरोपी ने अलग-अलग कारणों जैसे गाली-गलौज, पुरानी रंजिश, जमीन विवाद, पत्नी पर बुरी नजर रखने की शंका, कर्ज और चुनावी विवादों के चलते एक-एक कर आठ लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतकों की नाम
बद्री – 6 फरवरी 2026, बुठालु – 20 फरवरी 2026, छत्तूराम – 12 मार्च 2026, बुधराम – 20 मार्च 2026, विनोद कुमार – 31 मार्च 2026, गजानंद – 28 अप्रैल 2026, चैतूराम – 29 अप्रैल 2026महेतरूराम – 14 मई 2026

इसके अलावा आरोपी ने 14 अप्रैल 2026 को कार्तिक नामक व्यक्ति को भी जहर मिली शराब पिलाई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इस मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी को शक न हो इसलिए खुद ही बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने, इलाज कराने और मृतकों के कफन-दफन व अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद उसका झूठ सामने आ गया।
आरोपी रामसहाय जायसवाल के खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में थाना कसडोल और साइबर टीम ने इस बहुचर्चित मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया। पुलिस ने इसे प्रदेश के सबसे जटिल और चर्चित मामलों में से एक बताते हुए जांच टीम की सराहना की है।




